होम

शॉर्ट्स

देखिये

क्विज

फ़ास्ट न्यूज़


पोई का साग: पोषण और स्वास्थ्य के लिए वरदान
News Date:- 2024-09-02
पोई का साग: पोषण और स्वास्थ्य के लिए वरदान
vaishali jauhari

लखनऊ,02 Sep 2024

पोई: एक स्वास्थ्यवर्धक सब्जी

हमारे देश में कुछ साग-सब्जियां प्रकृति प्रदत्त होती हैं. जिन्हें बोया नही जाता है वो स्वतः ही उग आती हैं. जो हमारे लिए उपहार स्वरूप होती हैं और यह सब्जियां पूर्ण रूप से प्राकृतिक और शुद्ध होती हैं. इन्हीं में से एक है पोई. पोई घर के आस पास खाली भूमि पर या झाड़ियों में फैलकर खूब पनपती है. पोई का साग जिसे मलाबार पालक भी कहा जाता है एक पौष्टिक हरी पत्तेदार सब्जी है जो सेहत के लिए कई प्रकार से लाभकारी है. इसके पत्ते गहरे हरे रंग के, मोटे और मांसल होते हैं.

पोई का सेवन कई प्रकार से  किया जा सकता है. सूप बनाकर या सलाद में मिलाकर खाया जा सकता है. चाहें तो इनका साग बनाकर खाइए. लोहे की कड़ाही में सरसों तेल डालकर लहसुन हरी मिर्च का तड़का लगाकर तीखा चटपटा नमक डाल दीजिए और धीमी आंच पर सोंधा होने तक पकाएं. बारिश का मौसम है अगर आप साग नहीं बनाना चाहते हैं तो इसके पत्तों को बेसन और मसाले में लपेटकर इसके पकौड़े बनाकर चाय संग आनन्द ले सकते हैं.

पोषक तत्वों से भरपूर पोई

आयुर्वेद में भी पोई फायदेमंद माना गया है. पोई का साग विटामिन ए, विटामिन सी, प्रोटीन का प्रचुर भण्डार है. साथ ही आयरन, कैल्शियम और मैग्नीशियम भी भरपूर मात्रा में पाया जाता है. पोई के पत्ते में एंटीऑक्सीडेंट्स अच्छी मात्रा में होता है जो शरीर को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाता है.

पोई साग के प्रमुख फायदे

पोई का साग न केवल स्वादिष्ट होता है बल्कि इसमें कई महत्वपूर्ण पोषक तत्व भी पाए जाते हैं जो हमारे शरीर को स्वस्थ बनाए रखने में मदद करते हैं. इस पौष्टिक साग के कई स्वास्थ्य लाभ हैं.

गर्भवती महिलाओं के लिए फायदेमंद

पोई साग में फोलेट की भरपूर मात्रा पायी जाती है जो गर्भवती महिलाओं के लिए आवश्यक होती है. इसमें पाया जाने वाला आयरन रक्त में हीमोग्लोबिन का स्तर बढ़ाता है और कैल्शियम हड्डियों को मज़बूत बनाता है. 

तनाव कम करे

पोई साग में एमिनो एसिड पाए जाते हैं जो ब्रेन हेल्थ के लिए लाभकारी होते हैं. इसमें मौजूद मैग्नीशियम मांसपेशियों की कार्यप्रणाली में सुधार करता है और मानसिक तनाव को कम करता है. इसे खाने से डिप्रेशन जैसी समस्याओं से दूर रहा जा सकता है. दिखने में यह साग जितना हरा होता है उतना ही जीवन में भी हरियाली लाता है.

हृदय स्वास्थ्य के लिए लाभकारी

पोई का साग हृदय के लिए अत्यंत लाभकारी माना गया है. पोटैशियम की उच्च मात्रा ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में मदद करती है. साथ ही इसमें फाइबर भरपूर मात्रा में पाया जाता है जो कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करता है और हृदय रोगों के जोखिम को घटाता है.

एनीमिया में फायदेमंद

एनीमिया यानी खून की कमी एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या है जिसमें शरीर में हीमोग्लोबिन का स्तर सामान्य से कम हो जाता है. इसका प्रमुख कारण आयरन की कमी है. पोई का साग आयरन से भरपूर होता है जो हीमोग्लोबिन के स्तर को बढ़ाने में मदद करता है. एनीमिया के मरीजों के लिए नियमित रूप से इसका सेवन बेहद फायदेमंद साबित होता है.

त्वचा और आँखों के लिए लाभकारी

पोई के सेवन से त्वचा चमकदार और स्वस्थ रहती है. इसमें मौजूद विटामिन ए त्वचा के पुनर्निर्माण और आंखों की सेहत के लिए महत्वपूर्ण है. वहीं विटामिन सी कोलेजन के उत्पादन में सहायता करता है जिससे त्वचा पर झुर्रियां कम होती हैं और बढ़ती उम्र के लक्षणों को भी धीमा किया जा सकता है.

रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक

इसमें अधिक मात्रा में बीटा कैरोटीन और ल्यूटिन पाए जाते हैं जो शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए बेहद फायदेमंद होते हैं. पोई के साग में पाए जाने वाले विभिन्न पोषक तत्व और एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर को बीमारियों से लड़ने की क्षमता प्रदान करते हैं. 

अनिद्रा करे दूर

रात में नींद नहीं आने की बीमारी हो तो पोई का साग फायदेमंद साबित हो सकता है. इसमें पाया जाने वाला मैंग्नेशियम नींद न आने की समस्या को दूर करता है. पोई (मालाबार स्पीनिच) यूरीनरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन्स (यूटीआई) के विरुद्ध भी काम करने में सहायक है.

पाचन तंत्र के लिए फायदेमंद

फाइबर की अधिकता पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने में मदद करती है. इसे नियमित रूप से खाने से कब्ज जैसी समस्याओं से राहत मिलती है और आंतों की सेहत भी बेहतर रहती है.

पोई का साग एक स्वास्थ्यवर्धक हरी सब्जी है जो पोषक तत्वों से भरपूर होती है. इसके सेवन से न केवल शरीर को आवश्यक पोषक तत्व मिलते हैं बल्कि कई बीमारियों से बचाव भी होता है. इसलिए  इस पौष्टिक साग को अपने आहार में शामिल करें और स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करें.

Articles