होम

शॉर्ट्स

देखिये

क्विज

फ़ास्ट न्यूज़


ऑटो-एसयूवी की आमने-सामने से भीषण टक्कर, दो बुजुर्ग समेत 3 की दर्दनाक मौत
News Date:- 2024-06-08
ऑटो-एसयूवी की आमने-सामने से भीषण टक्कर, दो बुजुर्ग समेत 3 की दर्दनाक मौत
prince raj

सुल्तानपुर,08 Jun 2024

लखनऊ-वाराणसी फोरलेन पर डकाही मोड़ के पास शुक्रवार सुबह वाराणसी से लखनऊ जा रही एसयूवी ने सामने से आ रहे ऑटो को टक्कर मार दी. हादसे में आटो सवार दो बुजुर्ग समेत तीन लोगों की मौत हो गई. दुर्घटना के बाद एसयूवी सवार मौके से फरार हो गए. हादसे वाली लेन पर करीब आधे घंटे तक आवागमन बाधित रहा. 

कोतवाली क्षेत्र लंभुआ के डकाही मोड़ के पास शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे वाराणसी से लखनऊ एक एसयूवी जा रही थी. जबकि, शहर की तरफ से एक ऑटो लंभुआ कस्बे में जाने के लिए नपं के डकाही मोड़ कट से होकर मुड़ गया.

इस दौरान तेज रफ्तार से आ रही एसयूवी ने अचानक ब्रेक लगाने के बाद भी ऑटो से सामने से भीड़ गई. एसयूवी डिवाइडर से टकराते और अवरोध तोड़ते हुए ऑटो समेत दूसरे लेन पर पहुंच गई. करीब 40 - 50 मीटर तक सड़क पर घिसटते वाहन जब रुके तो सड़क पर खून ही खून बिखरा था. दुर्घटना की जानकारी होने पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई. 
 
लंभुआ पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को स्थानीय सीएचसी में भेजा. जहां कोतवाली देहात के वजूपुर पखरौली निवासी गुरुदीन निषाद (62) की मौत हो गई. जबकि, दो अन्य गंभीर रूप से जख्मी है. जिन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया.

रास्ते में ही एक घायल ढाखापुर चांदा निवासी राजेश कुमार (40) व एक अन्य अज्ञात बुजुर्ग (60)ने भी मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया.  उधर, दुर्घटना के बाद फोरलेन पर वाहनों का आवागमन बाधित हो गया.

हादसे में क्षतिग्रस्त हुए दोनों वाहनों पर नंबर नहीं लिखा हुआ था. मौजूद लोग नंबर से वाहन स्वामी का नाम - पता जानने का प्रयास कर रहे थे. नंबर नहीं होने से वह वाहन स्वामियों का पता नहीं लगा सके. 

स्थानीय जगन्नाथपुर निवासी जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि वह अशोक वर्मा के घर पर मौजूद थे, आवाज सुनकर वे लोग मौके पर पहुंचे तो सड़क पर बिखरे खून देख कर सिहर गए. बूधापुर निवासी मुकेश सिंह ने तत्काल हादसे की सूचना पुलिस व एंबुलेंस को दी.

घायल ऑटो में तड़प रहे थे तो एक व्यक्ति का शव ऑटो में ही फंसा हुआ था. प्रभारी निरीक्षक अखंडदेव मिश्र ने बताया कि अज्ञात शव के पहचान का प्रयास किया जा रहा है. अभी कोई तहरीर नहीं मिली है.          

Articles