होम

शॉर्ट्स

देखिये

क्विज

फ़ास्ट न्यूज़


मछली पालक से रिश्वत मांगना पड़ा महंगा, दो दारोगा सहित तीन पुलिस कर्मी निलंबित
News Date:- 2024-06-22
 मछली पालक से रिश्वत मांगना पड़ा महंगा, दो दारोगा सहित तीन पुलिस कर्मी निलंबित
prince raj

अमेठी,22 Jun 2024

अमेठी में तालाब को दुरुस्त करा रहे एक मछली पालक से जेसीबी छोड़ने के एवज में रिश्वत मांगने और रिश्वत न देने पर उसे गलत इल्जाम में फंसा देने के मामले में एसपी ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक ने दो सब इंस्पेक्टर व एक हेड कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.

साथ ही इस पूरे मामले की जांच मुसाफिरखाना सीओ को सौंपी गई है. जांच पूरी होने के बाद विभागीय कार्रवाई भी हो सकती है.इन्हौना थाना क्षेत्र के शेखनगांव निवासी मारूफ अहमद को मछली पालन के लिए एक तालाब पट्टे पर मिला है. मारूफ इस तालाब के बंधे को जेसीबी से दुरुस्त करा रहे थे. जेसीबी से काम होने की सूचना पर थाने में तैनात दारोगा अमरचंद्र शुक्ला व वीरेंद्र राय और हेड कांस्टेबिल जनार्दन सिंह तालाब पर पहुंच गए. 

मारूफ का आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने जेसीबी को बंद कराते हुए उसे कब्जे में ले लिया और छोड़ने के लिए रिश्वत की मांग की. रिश्वत न देने पर पुलिस कर्मियों ने जेसीबी थाने ले जाकर खड़ी करवा दी और मारूफ से अभद्रता करते हुए उसे जेल भेजने की धमकी दी. 

आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने उससे चार हजार रुपये भी छीन लिए. यह मामला सोशल मीडिया के जरिए सु​र्खियों में आया. मामले को संज्ञान में लेते हुए एसपी अनूप कुमार सिंह ने इस प्रकरण में आरोपी दोनों सब इंस्पेक्टरों व हेड कांस्टेबिल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. साथ ही इस पूरे मामले की जांच सीओ मुसाफिरखाना को सौंपी है.

Articles